नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18786 हो गई है। सोमवार को 1415 नए मामले सामने आए। यह लगातार तीसरा दिन था,जब देश में कोरोना संक्रमण के 1000 से ज्यादा मामले आए। इससे पहले रविवार को 1580 और शनिवार को 1371 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं। देश में कोरोना के 9509 मरीज पिछले आठ दिन में ही बढ़े हैं। यह कुल संक्रमितों का 50% है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 18 हजार 786 मामले आए हैं। इनमें 14 हजार 759 का इलाज चल रहा है। 3288 ठीक हुए हैं, वहीं 606 लोगों की मौत हुई है।
महाराष्ट्र की हालत सबसे खराब, एक दिन में 466 मरीज बढ़े
सोमवार को सबसे ज्यादा 466 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 4666 हो गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 232 है, जो देश में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा गुजरात में 196, उत्तरप्रदेश में 84, आंध्रप्रदेश में 75, राजस्थान में 98, पश्चिम बंगाल में 29 और हरियाणा में 1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
संकट के बीच हौसला बढ़ाने वाले 3 किस्से
गुजरात में अहमदाबाद के इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर ने वेंटिलेटर में कुछ बदलाव किए हैं, इससे यह एक साथ एक से अधिक मरीजों के उपयोग में आ सकता है।
मुंबई में महिला ऑटो रिक्शा ड्राइवर शीतल सरोदे लॉकडाउन के बीच जरूरतमंदों को मुफ्त में यात्रा करा रही हैं। उनका कहना है कि कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें बेहद जरूरी काम से शहर में कहीं जाना, लेकिन उन्हें यात्री वाहन नहीं मिल रहे।
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में डॉ संतोषी माणिकपुरी को आठ माह का गर्भ है, इसके बाद भी वे मरीजों को देख रही हैं। उनका कहना है कि देश जब मुश्किल दौर से गुजर रहा है, ऐसे में मुझे खुशी है कि मैं अपनी सेवाएं दे पा रही हूं।