नई दिल्ली- कोरोना की जांच में तेजी आई है। आरटी-पीसीआर किट से हर दिन करीब 70 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। शनिवार शाम तक इस जांच का आंकड़ा 10 लाख के पार हो गया। इनमें से 73 हजार 709 शुक्रवार सुबह 9 बजे के बाद किए गए। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च तक 47 हजार 852 सैम्पल की जांच की गई थी। 30 अप्रैल तक यह संख्या 9 लाख 2 हजार 654 हो गई। वहीं, 1 मई से 3 मई की शाम तक, यह आंकड़ा 1 लाख 37 हजार 346 पर पहुंच गया। आरटी-पीसीआर किट में कोरोना की जांच स्वाब से की जाती है।
पहले सिर्फ पुणे में जांच होती थी, अब देशभर में 389 लैब
पहले यह जांच सिर्फ पुणे के वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट में होती थी। मार्च के तीसरे हफ्ते तक 100 लैब में होने लगी। अभी देशभर में 389 लैब में यह जांच हो रही है। इनमें से 292 सरकारी और 97 निजी लैब हैं।
संक्रमितों की संख्या 40 हजार के करीब
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 39 हजार 988 हो गई है। शनिवार को 2437 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। महाराष्ट्र में 790, दिल्ली में 384, गुजरात में 333, उत्तरप्रदेश में 159, पंजाब में 187, राजस्थान में 106, मध्यप्रदेश में 73 मरीज बढ़े। इससे एक दिन पहले ही देश में संक्रमण के 2411 मामले सामने आए थे। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 39 हजार 980 कोरोना संक्रमित हैं। 28 हजार 46 का इलाज चल रहा है। 10 हजार 941 ठीक हो चुके हैं और 1325 की मौत हुई है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1061 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। रिकवरी रेट बढ़कर 26.65% हो गया है।