गंगा में डूबकर किशोर समेत दो की मौत - हमजोली दोस्तों के गये थे नहाने

फतेहपुर-न्यूज़ वाणी (विक्टर उर्फ़ साहिल)  हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मंगलवार की दोपहर गंगा नहाने गये किशोरी समेत दो लोगों की डूबकर मौत हो गयी। वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। जिसे देख दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। 
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के लुधौरा गांव निवासी राम दिनेश निषाद की 10 वर्षीय पुत्री पप्पी देवी व सर्वेश का 13 वर्षीय पुत्र पुष्पेन्द्र आज दोपहर लगभग 12 बजे अपने अन्य हमजोली दोस्तों के साथ गंगा नहाने चले गये। इसी बीच नहाते समय पप्पी व पुष्पेन्द्र गहरे पानी में चले गये। यह देख साथ में गये बच्चे घबरा गये और दौड़कर इसकी सूचना दोनों के परिजनों को दी। जिस पर परिजन समेत पूरा गांव मौके पर पहुंच गया। तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन गोताखोरों को गंगा में शव ढूढ़ंने के लिए भेजा। लगभग एक घण्टे बाद दोनों बच्चों के शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया। जैसे ही दोनों शवों को बाहर निकाला गया। दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुष्पेन्द्र की मां मंजू देवी शव को देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगी और कुछ देर बाद अचेत होकर वही गिर गयी। आस-पास मौजूद महिलाओं ने किसी तरह से उसे होश में लाकर ढाढंस बंधाया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर विच्छेदन हेतु भेज दिया।